सिटीवेब/सुरेंद्र अरोड़ा।
सहारनपुर। सदर तहसील एसडीएम अनिल कुमार सिंह के नेतृत्व में सरकारी जमीनों से अवैध कब्जे हटाने का अभियान लगातार जारी है। इसी अभियान में आज तहसील सदर के ग्राम कांकरकुई व चुनहटी गाड़ा में चारागाह व तालाब की लगभग 4.70 हेक्टेयर अर्थात लगभग 70 बीघा भूमि से अवैध कब्जे हटाए गए। उपजिलाधिकारी अनिल कुमार ने बताया कि ग्राम कांकरकुई में खसरा संख्या 148,419 में चारागाह की लगभग 43 बीघा भूमि है। यह भूमि दिल्ली रोड पर स्थित है जिसकी कीमत करोड़ों में है। इस भूमि पर अवैध रूप से काबिज रमेश,सुरेश,नेकी,सीता,श्याम, बल्लू आदि लगभग 20 व्यक्तियों द्वारा बार बार फसल बोकर अवैध कब्जे कर लिए जाते थे। पूर्व में कई बार इन कब्जों को हटाने के प्रयास किए गए परंतु अवैध कब्जाधारकों द्वारा अपने परिवार की महिलाओं को विरोध के लिए आगे कर दिया जाता था। इस कारण इस बार एसडीएम सदर द्वारा भारी पुलिस बल व महिला पुलिस बल के साथ मौके पर रहकर जेसीबी तथा ट्रैक्टर चलवाकर कब्जे हटवाए गए। भारी पुलिस बल व प्रशासनिक अमले को देखते हुए अवैध कब्जाधारियों द्वारा कोई विरोध नहीं किया गया बल्कि कुछ लोगों द्वारा खुद ही फसल काट कर कब्जा छोड़ दिया गया। इसके साथ ही खसरा संख्या 439 व 440 की जोहड़ की कब्जा हटाकर इस भूमि पर सरकारी भूमि का बोर्ड लगा दिया गया है।ग्राम चुनहटी गाड़ा में भी तालाब की 10 बीघा भूमि से कब्जा हटवाया गया। इस अभियान में राम नायब तहसीलदार, वीरेंद्र सैनी राजस्व निरीक्षक, मनोज शर्मा राजस्व निरीक्षक, नीरज,रघुबीर,आतोष, रामकुमार व राजेश कश्यप आदि लेखपाल के साथ थाना रामपुर मनिहारान का पुलिस बल उपस्थित रहा।