एसएल कश्यप।
सहारनपुर। गलीरा मार्ग पर दबंगों की दबंगई के चलते एक परिवार पलायन को मजबूर हो चला है। मकान बिकाऊ है का नोटिस चस्पा कर वह न्याय मांगने को अधिकारियों के चक्कर काट रहा है। कोतवाली सदर बाजार के गलीरा मार्ग पर सेवानिवृत प्रेम सिंह 62 वर्ष का आवास है। प्रेम सिंह के मुताबिक उन्होंने रिटायरमेंट के बाद आटा चक्की खोली, तो वही पहले से ही यही काम करने वाले दूसरे परिवार के लोग रंजिश रख रहे हैं और आए दिन उनसे मारपीट करते रहते हैं। इसके चलते अब वह यहां से पलायन को मजबूर हैं। कई बार आला अधिकारियों के बीच चक्कर काट चुके और थाने पर भी गए। मगर कोई सुनवाई नहीं हुई है। पीड़ित परिवार सोमवार को पुनरू एसपी सिटी से मिला और शिकायती पत्र सौंप कार्रवाई की मांग की। एसपी सिटी विनीत भटनागर का कहना है कि दोनों पक्षों के बीच व्यापारिक रंजिश है और इसके चलते एक पक्ष ने उन्हें प्रार्थना पत्र दिया है। इसकी जांच इंस्पेक्टर सदर बाजार को सौंपी गई है। जो भी सही होगा, उसके अनुरूप कार्यवाही की जाएगी।