एसएल कश्यप।
सहारनपुर। बेहट रोड के प्रेमपुरी कालोनी स्थित सिद्धपीठ श्री ज्वालामुखी धाम में परमपूज्य संत अन्नपूर्णा दास महाराज के सानिध्य में चल रहे यज्ञ के 40 वे दिन पूर्णाहुति यज्ञ का आयोजन किया गया। लोक कल्याणार्थ के लिए श्रावण मास में अन्नपूर्णा दास जी महाराज द्वारा 17 जुलाई से लगातार सुबह के समययज्ञ किया जा रहा था। रविवार को हवन यज्ञ के 40वे दिन वैदिक मंत्रोचारण के बीच श्रद्धालुओं ने पूर्णाहुति यज्ञ में आहुतियां दी। अन्नपूर्णादास महाराज द्वारा शारीरिक व मानसिक रोग से पीड़ित श्रद्धालुओं को अलग-अलग विधि से आहुतियां डलवायी। अंत में सभी श्रद्धालुओं ने सूखे नारियल की आहुतियां दी। इस अवसर पर संत अन्नपूर्णादास महाराज ने कहा कि आश्रम में प्रति वर्ष लोककल्याणार्थ सावन मास में 40 दिवसीय यज्ञ का आयोजन किया जाता है। आधुनिक जीवन शैली में मनुष्य धार्मिक क्रियाकलापों को भूलता जा रहा है। इसी उद्देश्य को ध्यान में रखते हुए आश्रम में ऐसे आयोजन किये जाते हैं। उन्होंने बताया कि यज्ञ में डाली गई एक-एक आहुतियां महत्वपूर्ण होती है। यज्ञ में दी गई आहुतियां से शारीरिक व मानसिक कष्ट तो दूर होते ही हैं, बल्कि घर में सुख व समृद्धि का वास भी होता है। यज्ञ से प्राकृतिक आपदायें व अनेक रोग दूर होते हैं। पूर्णाहुति यज्ञ के अंत में भंडारे का आयोजन किया गया।