सहारनपुर जेएनएन। हरियाणा के अंबाला-दुखेड़ी के बीच स्थित नदी का जलस्तर बढ़ने तथा पानी रेलवे पुल के ऊपरी हिस्से के करीब पहुंचने के कारण रेल यातायात बुरी तरह से प्रभावित हो रहा है। दो दिन के दौरान अनेक ट्रेनों को निरस्त किया गया है। बड़ी संख्या में ट्रेनों को रूट बदल कर संचालित किया जा रहा है, जिसके कारण यात्रियों की दिक्कत बढ़ती जा रही है। रेलवे ने रविवार की रात्रि में सहारनपुर-अंबाला रेल मार्ग पर ट्रेनों की आवाजाही पूरी तरह से बंद कर दी थी। रात्रि 9.30 बजे से अंबाला रेल मार्ग पर करीब 10 घंटे तक रेल यातायात पूरी तरह से ठप रहा, जिसके कारण यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। स्टेशन अधीक्षक एके त्यागी ने बताया कि सहारनपुर अंबाला अप व डाउन रेल मार्ग पर सोमवार की सुबह 8.30 बजे रेल यातायात बहाल होने के साथ ही ट्रेनों का संचालन शुरू कर दिया गया।