सहारनपुर। बाढ़ ग्रस्त क्षेत्रों का प्रदेश गन्ना संघ के पूर्व चेयरमैन व सपा के वरिष्ठ नेता चौ.राजपाल सिंह ने पार्टी नेताओं के साथ दौरा कर पीडि़त ग्रामीणों का हाल जाना और नुकसान का आंकलन कर जिला प्रशासन से मांग करते हुए कहा कि शीघ्र ही नष्ट ही फसलों का सर्वे कराकर सरकार द्वारा अधिक से अधिक मुआवजा दिलाया जाये।
प्रदेश गन्ना संघ के पूर्व चेयरमैन चौ.राजपाल सिंह ने पार्टी पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं के साथ बाढ़ प्रभावित क्षेत्र चिलकाना, बेहट, सरसावा व नकुड़ के कई गांवों का दौरा कर पीडि़त ग्रामीणों से उनका हाल चाल जाना। इस दौरान ग्रामीणों ने बताया कि बाढ़ ने पूरी तरह तबाही मचायी है और उनकी धान व गेंहू की फसलें पूरी तरह चौपट हो गई है। जिससे अब उनकी आर्थिक स्थिति और अधिक दयनीय बन गयी है। चौ.राजपाल सिंह ने पीडित ग्रामीणों को आश्वासन देते हुए कहा कि उनकी शासन-प्रशासन से हर संभव मदद करायी जायेगी और शीघ्र ही वह किसानों की समस्याओं को लेकर जिलाधिकारी आलोक कुमार पांडे से भी भेंट करेंगे। दौरे के पश्चात चौ.राजपाल सिंह ने बताया कि यमुना तटवर्ती क्षेत्रों में बाढ़ का तांडव रूप देखने को मिला और कई गांवों की फसले पूरी तरह बर्बाद हो गयी है और वहां पशुओं के चारे के लिए भी किसानों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। चौ.राजपाल सिंह ने कहा कि अभी भी प्रशासनिक स्तर से बाढ़ पीडि़त किसानों को कोई सहायता नहीं पहुंची है। उन्होंने जिलाधिकारी से मांग करते हुए कहा कि शीघ्र ही बाढ़ ग्रस्त क्षेत्रों का प्रशासनिक स्तर से सर्वे कराकर नष्ट हुई फसलों का आंकलन किया जाये और किसानों को अधिक से अधिक मुआवजा दिया जाये, जिससे कि उन्हें अधिक से अधिक लाभ मिल सकें और सरकार पशुओं के चारे की व्यवस्था भी करें।