सहारनपुर। सामाजिक उद्योग व्यापार मण्डल के प्रदेश अध्यक्ष राम बाबू रस्तोगी ने मांग करते हुए कहा कि सरकार व्यापारियों को राहत देने के लिए राहत कोष बनायें और व्यापारियों को लूट का माल बरामद होने पर उसे राहत कोष में जमा किया जाये।
राम बाबू रस्तोगी आज यहां अम्बाला रोड स्थित एक होटल के सभागार में व्यापारियों की बैठक मे बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि जीएसटी नम्बर से 5 लाख से अधिक का टैक्स देने वाले व्यापारियों को शस्त्र लाइसेंस की योजना बनाई जाये और व्यापारिक राहत कोष की स्थापना कर व्यापारियों से होने वाली लूट आदि के मामले की रिकवरी का पैसा राहत कोष में सरकार द्वारा जमा कराया जाये। नगर विधायक संजय गर्ग ने कहा कि व्यापारियों की सुरक्षा में किसी प्रकार की विभाग द्वारा अनदेखी सहन नहीं की जायेगी। व्यापारियों की सुरक्षा के लिए वह पूरी तरह प्रतिबद्ध है, ऐसे में व्यापारियों को हताश व निराश होने की आवश्यकता नहीं है। प्रदेश उपाध्यक्ष राम आधार यादव, प्रदेश सचिव सूर्य कांत उर्फ गुड्डू ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि व्यापारियों को व्यापार मण्डल हर संभव सहायता मुहैया करायेगा और व्यापारिक समस्याओं को लेकर व्यापारी सड़कों पर उतरकर आंदोलन करें। इस दौरान हरपाल वर्मा को जिलाध्यक्ष, राजेश गुलाटी को महानगर अध्यक्ष, सुनीता वर्मा को महिला जिलाध्यक्ष बनाये जाने की घोषणा की गयी। इस मौके पर अनिल वर्मा, स.रणजीत सिंह, विनोद वर्मा, अब्दुल हमीद, अफजाल मलिक, सुशील गुप्ता, अनुज गुप्ता, राजकुमार मक्कड़, नितिन वालिया, अनिल धारिया, अमित महेश्वरी, सन्नी दुआ, प्रिंस शर्मा, राजकुमार शर्मा, विरेन्द्र बहल, गौरव चौहान, सचिन कुमार, अंकुर सैनी, गुलाब राय गर्ग, हीरा सिंह, ज्ञानी लखविन्द्र सिंह, रितेश चौहान आदि मौजूद रहे।