सहारनपुर। वैसे तो सहारनपुर को स्मार्ट सिटी व नगर निगम का दर्जा मिला हुआ है। लेकिन सुविधाओं के नाम पर आज भी अनेक क्षेत्र जनसमस्याओं से परेशान हैं। ऐसा ही कुछ देखने को मिला है दिल्ली रोड के मंवीकला वार्ड 11 में। इस इलाके के रहने वालों की मजबूरी तो देखिये कि मरने के बाद भी यहां के लोगों को शमशानघाट की भूमि नसीब नहीं हो पा रही है। पिछले तीन माह में मृत्यु के बाद दो लोगों का अंतिम संस्कार सड़क पर किया गया है। क्षेत्रवासियों ने बताया कि शमशान घाट पर जलभराव हो रखा है। निकासी का कोई साधन नहीं हैै। इस सम्बंध में आईजीआरएस पर शिकायत भी दर्ज करायी गई। सम्बंधित जेई ने जल भराव का कारण पाइप लाइन बंद होने की बात कहकर पल्ला झाड़ लिया। क्षेत्र के सुमित कटारिया, प्रीतम सिंह, नवीन कुमार, राजेश कुमार, शिवराज, सेठपाल सिंह, सुभाष, अंकित, शीशपाल, पहल सिंह, प्रीतम सिंह, धीर सिंह आदि ने शमशान की भूमि को जलभराव मुक्त किये जाने की मांग की है।