--दो सौ से ज्यादा बडे बकायादारों को नोटिस
सिटीवेब एसएल कश्यप।
सहारनपुर। सहारनपुर नगर निगम ने हाउस टैक्स, वाटर टैक्स व अन्य टैक्स के पचास हजार से अधिक बकाया वाले दो सौ से ज्यादा लोगों को चिन्हित करते हुए उन्हें नोटिस जारी किये हैं। इन बकायादारों को 15 दिन का समय देते हुए चेतावनी दी गयी है कि यदि उन्होंने नगर निगम का बकाया भुगतान न किया तो उनकी संपत्ति को सील किया जायेगा या उनकी कुर्की की कार्रवाई की जायेगी।
कर अधीक्षक विनय शर्मा ने यह जानकारी देते हुए बताया कि सभी राजस्व निरीक्षकों व कर संग्रहकर्ताओं को उनके क्षेत्र की मांग के अनुरुप वसूली के निर्देश दिए गए हैं। शिथिलता बरतने वाले कर संग्रहकर्ताओं के विरुद्ध कार्रवाई की जायेगी। उन्होंने बताया कि नगरायुक्त के निर्देश पर करीब दो सौ बड़े बकायादारों को नोटिस भेजे गए है और कुछ अन्य को चिन्हित कर अभी भेजे जा रहे है। नगरायुक्त के स्पष्ट निर्देश है कि जो बकायेदार बकाया जमा नहीं करता उसकी संपत्ति को सील कर दिया जाए या उसके खिलाफ कुर्की की कार्रवाई की जाएं। विनय शर्मा ने बताया कि प्रदेश शासन ने वित्तीय वर्ष 2019-20 के लिए कर-करेत्तर मद में नगर निगम सहारनपुर के लिए 46 करोड़ 64 लाख रुपये का लक्ष्य निर्धारित किया है, जो वर्ष 2018-19 की अपेक्षा 42 प्रतिशत अधिक है। 46 करोड़ 64 लाख के लक्ष्य में 24 करोड़ 64 लाख कर के मद में तथा 22 करोड़ करेत्तर मद में लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने बताया कि इस लक्ष्य को पूरा करने के लिए नगर निगम तेजी से वसूली कर रहा है।