सहारनपुर। सावन माह के दूसरे सोमवार को मंदिरों व शिवालयों में शिवभक्तों की श्रद्धा का सैलाब उमड़ पड़ा। सुबह चार बजते ही घंटे-घडियाल बज उठे। कतारबद्ध होकर श्रद्धालुओं ने भगवान आशुतोष को जलाभिषेक कर मन्नते मांगी। सहारनपुर में सबसे अधिक भीड़ धोबीघाट स्थित प्राचीन सिद्धपीठ श्री भूतेश्वर महादेव मंदिर में रही। दिन बढ़ने के साथ ही भूतेश्वर बाबा को जलाभिषेक के लिए श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। व्यवस्था संभालने के लिए मंदिर के अंदर व बाहर पुलिस बल को तैनात किया गया था। यहां लाइनों में लगकर शिवभक्तों ने जलाभिषेक एवं अभिषेक किया। इसके अलावा श्री बागेश्वर महादेव मंदिर, श्री पातालेश्वर महादेव मंदिर, श्री पाठेश्वर महादेव मंदिर, शंकलापुर स्थित शिव मंदिर आदि शहर के सभी मंदिरों में श्रद्धाभाव के साथ जलाभिषेक किया गया। राधा विहार स्थित गुफा वाले मंदिर में रूद्राभिषेक किया गया।