यूपी में रंजिश के चलते दो सगे भाइयों की हत्या
उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले में दिवाली की रात को दो सगे भाइयों की हत्या से सनसनी फैल गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
पाली थाना इलाके के खमरिया गांव में शनिवार रात दो सगे भाइयों की गोली मारकर हत्या करने का मामला सामने आया है। घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। थाना क्षेत्र के ग्राम खमरिया निवासी मुकेश( 28) और सुनील कुमार (33) पुत्र हरी सिंह यादव का शनिवार देर रात गांव निवासी प्रधानपति विजय सिंह यादव और उनके पुत्रों बब्बर शेर, बबले, नाहर सिंह और नरसिंह से पुरानी रंजिश में विवाद हो गया।
इस पर विजय सिंह यादव ने अपने पुत्रों के साथ मिलकर फायरिंग शुरू कर दी। फायरिंग में गोली लगने से मुकेश और सुनील कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को उपचार के लिए जिला अस्पताल लाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर लखनऊ रेफर कर दिया गया।
लखनऊ में दोनों की मौत हो गई। दोनों मृतक पूर्व प्रधान महिपाल सिंह यादव के भतीजे हैं। मौजूदा प्रधान पति और पूर्व प्रधान के बीच वर्ष 1994 से रंजिश चल रही है।