करीब एक साल पहले अपने भाई के साले की हत्या कर फरार हुए शातिर बदमाश साधू लोनिया को खीरी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। गुरुवार को पुलिस ने उसे जेल भेज दिया है। साधू लोनिया पर करीब आधा दर्जन मुकदमा दर्ज हैं। आरोपी पर ढाई हजार रुपए का इनाम भी घोषित किया गया था।
खीरी थाना क्षेत्र के गांव लोनियनपुरवा में रहने वाली पम्मी देवी का भाई उसी के घर रहता था। पम्मी का पति बाहर काम करने के लिए गया हुआ था। पम्मी का उसके देवर साधू से जमीनी विवाद चल रहा था। घटना 21 सितम्बर 2016 की है। पम्मी का भाई अपना छप्पर चढ़ा रहा था। तभी वहां साधू लोनिया आ गया। इसी बात को लेकर दोनों में विवाद होने लगा। विवाद बढ़ा तो साधू ने चाकू से गोदकर पम्मी के भाई की हत्या कर दी थी और फरार हो गया। पम्मी ने इसका मुकदमा खीरी थाने में दर्ज कराया था। पुलिस तभी से साधू की तलाश कर रही है। लेकिन उसका कहीं सुराग नहीं लग रहा था। साधू शातिर किस्म का अपराधी है। उसके ऊपर करीब आधा दर्जन मुकदमें पहले से दर्ज हैं। काफी दिनों तक जब आरोपी साधू का कोई सुराग नहीं लगा तो एसपी डॉ. एस चनप्पा ने उसके ऊपर ढाई हजार रुपए का इनाम घोषित किया। पुलिस साधू की तलाश कर रही थी। बुधवार की रात एसओ आलोक मणि त्रिपाठी और ओयल चौकी इंचार्ज मनोज सिंह को सूचना मिली साधू अपने गांव के पास देखा गया है। पुलिस ने घेराबंदी कर उसको दबोच लिया। गुरुवार को पुलिस ने उसे जेल भेज दिया है।