उत्तर प्रदेश का आज स्थापना दिवस है। यूपी आज 70 साल का हो गया। 24 जनवरी के दिन यूपी स्थापना दिवस मनाया जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत अन्य कई नेताओं ने शुभकामनाएं दीं हैं। ट्विटर पर भी उत्तर प्रदेश ट्रेंड कर रहा है।
आपको बता दें कि 24 जनवरी 1950 को उत्तर प्रदेश को यह नाम मिला था। वहीं, पूर्व राज्यपाल राम नाईक की पहल पर पहला दिवस मनाया गया था। आज यूपी का तीसरा स्थापना दिवस मनाया जा रहा है। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज लखनऊ में राज्य के स्थापना दिवस समारोह में हिस्सा लिया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उत्तर प्रदेश के स्थापना दिवस पर राज्य के सभी लोगों को हार्दिक शुभकामनाएं। त्याग, तप, परंपरा और संस्कृति की पावन भूमि रहा यह राज्य आज आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। मेरी कामना है कि चौतरफा विकास की ओर अग्रसर यह प्रदेश यूं ही नई ऊंचाइयों को छूता रहे।
रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने यूपी के स्थापना दिवस पर बधाई देते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश के मेरे सभी भाइयों एवं बहनों को ‘स्थापना दिवस’ की हार्दिक शुभकामनाएं। प्रदेश में विकास की अपार संभावनाएं हैं, जिन पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी के नेतृत्व में बड़े पैमाने पर काम हो रहा है। उत्तर प्रदेश निरंतर समृद्ध और विकसित हो, यही ईश्वर से मेरी कामना है।
स्थापना दिवस पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दीं हैं। उन्होंने रविवार सुबह कहा कि मर्यादा पुरुषोत्तम प्रभु श्री राम और लीलाधर श्रीकृष्ण की पावन जन्मभूमि का प्रदेश, भारत का हृदय प्रदेश, भारतीय संस्कृति का उद्गम स्थल, उ.प्र. के स्थापना दिवस पर सभी निवासियों को हार्दिक बधाई।
आपको बता दें कि यूपी दिवस का उद्घाटन रविवार को अवध शिल्पग्राम में किया जाएगा। समारोह की अध्यक्षता राज्यपाल आनंदी बेन पटेल करेंगी जबकि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मुख्य अतिथि होंगे। यह यूपी दिवस का चौथा संस्करण होगा जो 24 जनवरी से 26 जनवरी तक चलेगा।