सहारनपुर में दिखी रोनक, धनतेरस पर बरसेगा धन
धनतेरस पर अच्छे कारोबार की उम्मीदों के साथ बाजार तैयार है। बाजार में ग्राहकों की भीड़ भी पहुंच रही है। मंगलवार को अवकाश के बावजूद खूब भीड़ दिखाई दी। धनतेरस पर वाहन, ज्वेलरी, बर्तन आदि की खरीद को शुभ माना जाता है। कारोबार को लेकर व्यापारियों ने भी तैयारी कर रखी है।
आटोमोबाइल शोरूम संचालक निपुण जैन ने बताया कि धनतेरस पर दुपहिया वाहनों की 250 एडवांस बुकिंग हैं। वहीं, बाइक शोरूम संचालक प्रतीक कपिल ने बताया कि उनके यहां 100 वाहनों की बुकिंग है। देहरादून रोड स्थित बाइक शोरूम संचालक अनुज बागला ने बताया कि उनके यहां भी 100 वाहनों की बुकिंग धनतेरस को लेकर है। इसी तरह अन्य शोरूम पर भी एडवांस बुकिंग हुई हैं।
त्योहारी सीजन में भीड़ बाजार में उमड़ रही है। जिससे जनपद में कोविड -19 की गाइडलाइन का पालन करना लोग भूल गए हैं। शहर के नेहरू मार्केट, शहीद गंज बाजार, श्रीराम चौक, लोहानी सराय, प्रताप मार्केट सहित अन्य कई प्रमुख बाजारों में मंगलवार को जाम जैसे हालात नजर आए।
त्योहार पर लोग घरों में रंगीन कंडील, झूमर, झालर और मोमबत्ती आदि से सजावट करते हैं। इस दीपावली पर भी विभिन्न डिजाइन वाले कंडील बाजार में उपलब्ध हैं। कोर्ट रोड सहित कई जगहों पर सजावटी सामान की बिक्री के स्टाल सज गए हैं। जैली वाली मोमबत्ती के अलावा लड़की के फ्रेम से लेकर पेपर कटिंग कंडील और गुलदस्ते और फुटबालनुमा कंडील भी बाजार में मौजूद हैं।