बिहार में मोदी की दहाड़, बोले हार रहा है अहंकार
बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के लिए आज एक तरफ वोटिंग जारी है। तो वहीं दूसरी तरफ तीसरे चरण के लिए प्रचार का दौर तेज हो गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एनडीए उम्मीदवारों के लिए वोट मांगने के लिए बार फिर बिहार के दौरे पर पहुंचे हैं। इस दौरान उन्होंने फारबिसगंज में जनसभा को संबोधित किया।
जहां विपक्ष को निशाने पर लेते हुए पीएम मोदी ने कहा, ''बिहार की पवित्र भूमि ने ठान लिया है कि इस नए दशक में बिहार को नई ऊंचाई पर पहुंचाएंगे। बिहार के लोगों ने जंगलराज को, डबल-डबल युवराजों को सिरे से नकार दिया है। आज NDA के विरोध में जो लोग खड़े हैं, वो इतना कुछ खाने-पीने के बाद अब फिर से बिहार को लालच भरी नजरों से देख रहे है। लेकिन बिहार की जनता जानती है कि कौन बिहार के विकास के लिए प्रतिबद्ध है और कौन अपने परिवार के विकास के लिए।''
मोदी ने कहा कि ''आज बिहार में अहंकार हार रहा है, परिश्रम फिर जीत रहा है। आज बिहार में घोटाला हार रहा है, लोगों का हक़ फिर जीत रहा है। आज बिहार में गुंडागर्दी हार रही है, कानून का राज वापस लाने वाले फिर जीत रहे है। उन्होंने कहा कि बिहार वो दिन भूल नहीं सकता, जब चुनाव को इन लोगों ने मजाक बनाकर रख दिया था। इन के लिए चुनाव का मतलब था- चारो तरफ हिंसा, हत्याएं, बूथ कैप्चरिंग। बिहार के गरीबों से इन लोगों ने वोट देने तक का अधिकार छीन रखा था।''
पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस ने झूठ बोलकर देश को सपना दिखाया था, कांग्रेस वाले पहले बोलते थे गरीबी हटाएंगे, किसानों का कर्ज माफ करेंगे, OROP लागू करेंगे. कांग्रेस ने बातें बहुत की, लेकिन एक भी काम नहीं किया। आज कांग्रेस की हालत ऐसी है कि लोकसभा और राज्यसभा दोनों को मिला दें तो कांग्रेस के पास सौ सांसद भी नहीं है। कई राज्यों में तो कांग्रेस का खाता भी नहीं खुला है। यूपी-बिहार में कांग्रेस चौथे-पांचवे नंबर पर है और किसी का कुर्ता पकड़कर बचने की कोशिश में है।
पीएम मोदी ने कहा, ''देश के कई स्थानों पर आज उप-मतदान चल रहे हैं। बिहार में भी कई जगह चुनाव चल रहा है। चुनाव लोकतंत्र का बड़ा उत्सव होता है। इस उत्सव में बढ़-चढ़ कर हिस्सा लेना हर नागरिक की जिम्मेदारी है। यही उज्ज्वल भविष्य की गारंटी भी है।'' उन्होंने कहा कि ''कोरोना के संकटकाल में बिहार के लोग अपने घरों से निकल रहे हैं, इतनी बड़ी संख्या में मतदान कर रहे हैं। लोकतंत्र की इतनी बड़ी ताकत, लोकतंत्र के प्रति हर बिहारी का इतना बड़ा समर्पण ये पूरे विश्व के लिए एक भरोसा जगाने वाली घटना है।''
इस दौरान प्रधानमंत्री ने कहा, बिहार में आज दूसरे चरण का मदतान चल रहा है और जहां-जहां मतदान हो रहा है, वहां-वहां पहले के चुनाव में इस समय जो मतदान होता था इससे भी ज्यादा मतदान आज हुआ है। आज बिहार को लोगों ने देश ही नहीं पूरे विश्व को एक संदेश दिया है। कोरोना के इस संकटकाल में जब दुनिया भर में हड़कंप मचा है ऐसे में बिहार के लोग अपने घरों से निकल रहे हैं, इतनी बड़ी संख्या में मतदान कर रहे हैं।