आगरा में खनन माफियाओं का खाकी पर हमला
यूपी के आगरा जिले में खनन माफियाओं के हौसले इतने बुलंद हैं कि खनन माफिया खाकी पर भी हमला करने से नहीं चूक रहे हैं। मामला है खेरागढ़ थाना क्षेत्र का। जहां सोन गांव के पास एक सिपाही की खनन माफियाओं ने हत्या कर दी। बेखौफ खनन माफियाओं ने यूपी पुलिस के सिपाही पर ट्रैक्टर चढ़ा दिया जिससे सिपाही की मौके पर ही मौत हो गई। बता दे इस घटना को 30 घंटे से ज्यादा बीत चुका है, लेकिन पुलिस के हाथ अब भी खाली हैं।
ऐसा पहली बार नहीं है कि आगरा में माफियाओं ने खाकी को निशाना बनाया हो। इससे पहले भी कई बार यहां पुलिसकर्मियों पर हमले होते रहे हैं। आपको बताते हैं कि इससे पहले आगरा में कब-कब खनन माफियाओं ने पुलिसकर्मियों पर हमला किया।
14 जुलाई 2020 जब किरावली में खनन माफियाओं ने सिपाही पर ट्रैक्टर चढ़ा दिया था, इसमें कांस्टेबल राघवेंद्र को गंभीर चोट आई थी।
6 जुलाई 2020 मे फतेहाबाद थाना क्षेत्र के लालपुरा के पास पुलिस पर हमला।
19 दिसंबर 2019 मे सिकंदरा में खनन माफियाओं ने सिपाही पर ट्रैक्टर चलाने की कोशिश की।
3 नवंबर 2019 को थाना इरादतनगर में खनन माफिया ने सब इंस्पेक्टर पर गोली चला दी थी जिसमें निशामक त्यागी गंभीर रूप से घायल हो गए थे।
18 अक्टूबर 2019 मे फिर खेरागढ़ के रुधुयु गांव में सिपाहियों ने अवैध खनन कर बालू ले जा रहे ट्रैक्टर को रोकने की कोशिश की तो उन पर हमला बोल दिया गया। हमले में दोनों सिपाही घायल हो गए थे।
5 जून 2019 मे खेरागढ़ थाना क्षेत्र के बरहरा गांव में खनन माफियाओं के ट्रैक्टरों को रोकने पर पुलिस पर हमला हुआ था। इस दौरान करीब 1 घंटे तक आमने-सामने फायरिंग हुई जिसमें 4 पुलिसकर्मी भी घायल हुए थे।
इसके बाद 17 फरवरी 2019 को फतेहाबाद के भीलपुरा के पास खनन माफियाओं ने वन कर्मियों पर हमला किया।
और अब एक बार फिर माफियाओ ने यूपी के आगरा जिले में बेखौफ खनन माफियाओं ने पुलिस के सिपाही पर ट्रैक्टर चढ़ा दिया।