उत्तर प्रदेश केे मेरठ के नौचंदी क्षेत्र में शुक्रवार देर रात दवाइयों के गोदाम में भीषण आग लगने से दवा कारोबारी राजीव शर्मा (45) की मौत हो गई। पुलिस और फोरेंसिक टीम पूरे अग्निकांड की जांच में जुटी है।
यह हादसा शुक्रवार रात करीब 3:30 बजे नौचंदी थाना क्षेत्र के नेहरू नगर में हुआ। जागृति विहार निवासी राजीव शर्मा का नेहरू नगर में पैतृक आवास है। यहां पर उनके दो भाई रहते हैं। जबकि दो कमरों में दवाइयों का गोदाम है। राजीव शर्मा का मेडिकल स्टोर गढ़ रोड पर है। बताया जा रहा है कि दवा कारोबारी राजीव शुक्रवार रात इस गोदाम में मौजूद थे। उसी वक्त अचानक आग लग गई।
गोदाम में बड़ी संख्या में सैनिटाइजर और दवाइयों के सिरप रखे हुए थे। अब पकड़ते ही सैनिटाइजर के बड़े-बड़े डब्बे फटने शुरू हो गए। आग की लपटें देख आसपास के लोगों और पुलिस ने बचाव राहत कार्य शुरू किया। तड़के करीब 5 बजे आग बुझाई जा सकी। इस दौरान गोदाम में मौजूद कारोबारी राजीव शर्मा की जलकर मौत हो गई। इंस्पेक्टर प्रेमचंद शर्मा ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। फॉरेंसिक टीम विस्तृत छानबीन कर रही है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि जब दवा कारोबारी का घर जागृति विहार में था तो वह आधी रात को अपने गोदाम पर क्यों आए हुए थे।